फोटो24कादरगंज गंगा में बहता जलस्तर ।संवाद
कासगंज। नरौरा बैराज से बढ़े हुए प्रवाह में पिछले दो दिनों से लगातार कमी आ रही है, इस कमी के कारण कछला ब्रिज पर जलस्तर 24 घंटे में दो सेंटीमीटर कम हुआ है। इसके कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी भी दुश्वारियां बरकरार हैं। हालांकि आगामी समय में आंशिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।बारिश थमने के बाद हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा बैराजों से लगातार प्रवाह कम हो रहा है, लेकिन निचले ग्रामीण इलाकों में पानी भरा हुआ है वहां अभी राहत नहीं लौट पा रही। इससे ग्रामीण चिंतित हैं और वह इतने लंबे समय तक बाढ़ आपदा का सामना करके थक चुके हैं। वह रात दिन मां गंगा से प्रकोप कम करने की दुआ कर रहे हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों के ग्रामीणों से बाढ़ ने सुख-चैन छीन लिया। उनकी फसलें बर्बाद हो गईं। पशु बीमार पड़ रहे हैं। परिवार के लोग बुखार के शिकार हो रहे हैं। इन चिंताओं से ग्रामीण घिरे हुए हैं। प्रशासन के स्तर से अपेक्षित मदद नहीं मिल पा रही इससे ग्रामीणों के मन में गुस्सा भी है। राजेपुरकुर्रा के उर्वेश ने बताया कि पानी कुछ कम हुआ है, लेकिन पानी की निकासी नहीं हो पा रही।