मैनपुरी के करहल क्षेत्र के गांव किरथुआ निवासी एक मासूम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के लिए रोए जा रही है। घरवालों से कह दिया कि जब तक वह अखिलेश भइया से नहीं मिलेगी, स्कूल भी नहीं जाएगी, बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
चुनाव जनसभा को लेकर कुछ दिन पूर्व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कस्बा करहल पहुंचे थे, उन्हें देखने व मिलने के लिए खासी भीड़ एकत्र हो गई थी। पांच वर्षीय मासूम गांव किरथुआ निवासी आराध्या पुत्री मान सिंह भी अखिलेश की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखी। लेकिन भीड़ अधिक होने की वजह से वह उन्हें नहीं देख सकी, यह बात बच्ची को इस कदर खल गई कि घर पहुंच कर उसने मां से झगड़ना शुरू कर दिया। मां ने झगड़ते हुए उसका वीडियो बना लिया, यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में जब मां उसके रोने का कारण पूछ रही है तो आराध्या कह रही है कि वह अखिलेश भइया से नहीं मिल पाई, भइया सब से मिले लेकिन उससे मिले बिना चले गए। एक अन्य वीडियो में वह कह रही है कि जब तक भइया से नहीं मिलेगी, तब तक स्कूल भी नहीं जाएगी। मासूम का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं वीडियो को देखने वाले लोग मासूम की फरमाइश को लेकर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं।