मैनपुरी। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम से आमजन को परेशानी उठानी पड़ी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर इटावा जिले की सीमा में पुलिस ने नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों को रोक दिया। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के लिए एनएच-2 पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए इटावा जिले में जसवंतनगर थाना क्षेत्र में हाईवे पर भारी वाहनों को रोक दिया गया। इससे हाईवे पर ट्रक, लोडर, डंपर आदि बड़े वाहनों की लाइन लगी गई। कुछ ही देर में यहां जाम की स्थिति हो गई और उसमें बस, कार फंस गए। इटावा के जसवंतनगर थाने की जनोई चौकी क्षेत्र से लेकर मीठेपुर तक करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की कतार लग गई। हाईवे पर इलाकाई पुलिस यात्री वाहनों को निकालने में जुटी रही। रूट डायवर्ट करके दूसरी लेन से यात्री वाहनों को गुजारा।
कई चालकों ने बदला रूट
एनएच-2 पर यातायात बाधित होने के कारण कई वाहन चालकों ने रूट बदल दिया। कुछ बरनाहल के रास्ते मैनपुरी और भोगांव होते हुए जीटी रोड से कानपुर के लिए रवाना हो गए। कुल ने लखनऊ एक्सप्रेस वे का रुख किया।
इटावा पुलिस ने हाईवे पर कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया था। इस कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ था।
-अशोक कुमार, सीओ करहल।