कासगंज। प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बृहस्पतिवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को मछुआ समुदाय के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजना का लाभ प्रत्येक पात्र तक पहुंचाने सहित कई दिशा निर्देश दिए। डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि अविकसित तालाबों की मनरेगा से मरम्मत कराई जाए, जो तालाब विकसित हैं उन्हें मछुआ समुदाय के लाभार्थियों को आवंटित किए जाएं। किसान क्रेडिट कार्ड की भांति मत्स्यपालकों को भी क्रेडिट कार्ड जारी किए जाने, ग्राम सचिवालय पर योजनाओं के बारे में दीवार लेखन कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मत्स्य पालक कल्याण कोष, सघन मत्स्य पालक एरेशन सिस्टम की स्थापना, मछुआरा दुर्घटना बीमा, सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना आदि योजनाओं और लाभार्थियों की प्रगति के बारे में भी मंथन किया गया।