कासगंज। ढोलना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला की पुत्री को युवक बहला - फुसलाकर भगा ले गया और उससे शादी कर गांव वापस आकर महिला के घर के पास रहने लगे । महिला ने मना किया तो युवक के साथियों ने महिला की पिटाई कर दी। महिला ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ढोलना क्षेत्र के गांव की महिला का कहना है कि उसकी बेटी को गांव निवासी पवन का साला प्रवीन कुछ दिन पूर्व बहका कर अपने साथ ले गया। उसने उसके साथ कोर्ट में शादी कर ली। पवन भी एक युवती को गांव से तीन वर्ष पूर्व बहका कर ले गया था और शादी कर ली थी। वह अब गांव में रह रहा है। पवन ने अपने साले को यही रूपरेखा बताई, योजना के अनुसार आरोपी उसकी बेटी को लेकर उसके घर के पास ही रहना चाहते हैं। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो उसने इसके लिए मना किया। महिला का आरोप है कि इस पर पवन व उसके पिता नरसिंह, चाचा नेम सिंह एवं महाराज सिंह ने उसकी पिटाई कर दी। कोतवाली प्रभारी बीपी गिरि ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।