फिरोजाबाद के जिलाधिकारी रवि रंजन ने शिकोहाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत साढ़ूपुर के प्रधान के अधिकार सीज कर दिए हैं। प्रधान पर आरोप है कि हैंडपंपों के रिबोर दिखाकर 2.14 लाख रुपये का गबन कर लिया। डीएम ने दो बार जिला स्तरीय अफसरों से जांच कराने के बाद यह कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत के संचालन के लिए कमेटी बनाने की तैयारी की जा रही है।
शिकोहाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत साढ़ुपुर के प्रधान अरविंद कुमार के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रहीं थी। इन शिकायतों की जांच कराई गई तो पता चला कि ग्राम प्रधान ने पंचायत में लगे हैंडपंपों को बिना रिबोर कराए ही सचिव के साथ मिलकर पैसा निकाल लिया है। प्रधान की इन शिकायतों की जांच पहले जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने की थी।
ग्रामीणों को दर्ज किए गए थे बयान
जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी थी।लेकिन बाद में इसकी जांच पीडी डीआरडीए एवं एक्सईएन पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम बनाकर कराई थी। जांच कराने के दौरान ग्रामीणों को बयान आदि दर्ज किए थे। इसमें प्रधान के द्वारा करीब दो लाख 14 हजार रुपये गलत ढंग से खर्च दिखा दिया था। जांच रिपोर्ट की जानकारी जब वर्तमान डीएम रवि रंजन के संज्ञान में आई तो उन्होंने गंभीरता से लिया।
ये बोले डीपीआरओ
डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले में पंचायत सचिव ज्योत्सना अग्रहरि को पहले ही निलंबित किया जा चुका था। प्रधान अरविंद कुमार के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज किए जाने के आदेश जिलाधिकारी ने जारी कर दिए हैं। ग्राम पंचायत के संचालन के लिए सदस्यों के नाम मांगे गए हैं। ताकि गांव का विकास कार्य प्रभावित नहीं होने पाए।