पटियाली। क्षेत्र के ग्राम बकराई में बेटे से हुए विवाद में गुस्साए आरोपी ने पिता को गोली मार दी। घायल हालात में पिता को अस्पताल में भर्ती कराया।
राजवीर सिंह पुत्र महावीर सिंह निवासी बकरई बाइक पर सौंदर्य प्रसाधन के सामान की फेरी लगाने का कार्य करता है। शनिवार को देर शाम गांव के प्रमोद ने उसे रोक लिया और सामान उधार मांगा। जब राजवीर ने सामान देने से इंकार कर दिया तो नाराज प्रमोद ने बाइक में आग लगाने का प्रयास किया। इस पर राजवीर किसी तरह से बच निकला। इसके बाद प्रमोद उसके घर के पास जा पहुंचा। जहां प्रमोद को राजवीर सिंह के पिता महावीर मिल गए। जब उन्होंने मामले के बारे में जानकारी करना चाही तो प्रमोद ने महावीर पर तमंचे से उन पर फायर कर दिया। गोली उनकी कोख व कूल्हे के बीच में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने उनको अस्पताल पहुंचाया। सीओ गवेंद्र पाल सिंह गौतम भी वहां पहुंचे। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।