थाना सदर के ग्वालियर नेशनल हाईवे रोहता स्थित पंजाब नेशनल बैंक में आग से हड़कम्प मच गया। बैंक के अंदर मौजूद ग्राहक और कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। बताया गया है कि आग बिजली के मीटर में शार्ट सर्किट होने के चलते लगी है।
सूरत के कोचिंग सेंटर में हुई आग की घटना के चलते आगरा शहर में कड़ी सतर्कता बरती जा रही थी। लेकिन, बुधवार को दोपहर करीब एक बजे के आसपास आगरा-ग्वालियर नेशनल हाईवे रोहता स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर आग लग गई। आग की घटना के चलते भगदड़ का माहौल कायम हो गया। आनन फानन में आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
आग लगने की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया है कि बुधवार के चलते बैंक परिसर में अच्छी खासी भीड़ मौजूद थी। खबर लिखे जाने तक आग को बुझाने का काम जारी था।