सिढ़पुरा। कस्बे के अमांपुर रोड पर हनुमान गढ़ी मंदिर के पास रखे ट्रांसफार्मर के नजदीक खड़े पीपल के पेड़ की शाखा से एचटी लाइन का तार छूने से उसमें आग लग गई। जिसके बाद पूरे कस्बे की आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे कस्बे के लोग परेशान रहे। देर शाम तक विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी।
रविवार को लगभग 11 बजे पीपल के पेड़ से छूकर जा रहे एचटी लाइन के तार से पीपल के पेड़ की एक शाखा में आग लग गई। आग लगते देख पेड़ के नीचे बैठे लोग वहां से भाग गए। फाल्ट होने के बाद पूरे कस्बे की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। जानकारी विद्युत उपखंड कार्यालय को दी गई। जिसके बाद विद्युत निगम के कर्मचारियों ने विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी।
कर्मियों ने शाखा को काटकर तार को पेड़ से अलग किया। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से कस्बे के लोगों को खासी परेशान रही। उसम भरी गर्मी में उनके पंखे व कूलर आदि नहीं चल सके। सबमर्सिबल व विद्युत मोटर नहीं चलने से लोगों को पेयजल की समस्या झेलनी पड़ी। सुबह 11 बजे से बाधित हुई विद्युत आपूर्ति देर शाम छह बजे तक शुरु नहीं हो सकी थी।