गुमानसिंह पुरा के खादर में लगी आग
बाह। चंबल के बीहड़ के किनारे बसे खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव के खादर में सोमवार की शाम आग लग गई। लपटें देख किसानों के होश उड़ गए। आंधी से विकराल हुई आग की लपटों ने किसानों को गेंहू की फसल को लेकर चिंता में डाल दिया है। गुमान सिंह पुरा के किसान कुलदीप भदौरिया ने बताया कि खादर में जगह जगह से आग की लपटें उठ रही हैं। खादर के किनारे पर ही उनके खेत में गेहूं की फसल है। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन देर रात तक आग नहीं बुझी थी। इससे खेतों में खड़ी और कटी पड़ी गेहूं की फसल चपेट में आने की संभावना से परेशान हैं। वहीं, आग लगने की जानकारी पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण, अग्निशमन एवं वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी थी।