कासगंज। सहावर में गंजडुडवारा रोड पर एक अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग के दौरान आग लगने और सिलेंडर फटने की घटना के बाद आपूर्ति विभाग हरकत में आ गया है। डीएम के आदेश के बाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है। गंजडुंडवारा रोड पर आशीष गुप्ता की दुकान पर गैस रिफिलिंग करते समय आग लग जाने के बाद दो सिलिंडर फट गए थे। जिससे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई थी। इस घटना के बाद आपूर्ति विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच में अवैध रिफिलिंग का मामला सामने आया। जिसे गंभीरता से लिया गया।
विभाग ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जिलाधिकारी के पास पत्रावली तैयार करके भेजी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश जारी कर दिए। इसके साथ ही अवैध रिफिलिंग के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
सहावर में रसोई गैस की कालाबाजारी करने का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। इसके साथ ही जिले भर में अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए अभियान चलेगा-संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी