किशनी (मैनपुरी)। पैमाइश के बाद लगाए गए पोल उखाड़ कर ले जाने के मामले में पूर्व चेयरमैन के पुत्र ने छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला हवेली निवासी पूर्व चेयरमैन कृष्ण प्रताप सिंह चौहान के पुत्र राजमणि सिंह चौहान का चचेरे भाइयों से भूखंड को लेकर विवाद चल रहा है। कीमती भूखंड को लेकर चचेरे भाई चैतन्य चौहान ने न्यायालय राजस्व अधिकारी के यहां बंटवारा का वाद दायर किया था। वाद के निर्णय में 13 फरवरी को कुरा बनाने का आदेश दिया गया था। 20 जून को एसडीएम, तहसीलदार और लेखपाल द्वारा हाईवे से जुड़ी जमीन का बंटवारा किया गया था। जमीन का सीमांकन सही रखने के लिए सीमेंट के पोल लगवाए गए थे। रविवार की रात चचेरे भाई अपने दो पुत्र व पांच अज्ञात लोगों के साथ असलहा लेकर आए और गाली गलौज करते हुए पोल उखाड़ दिए। पोल ट्रैक्टर में लादकर ले जाने लगे। जानकारी मिलने के बाद राजमणि जब मौके पर पहुंचे तो असलहा लेकर आए लोगों ने कहा कि वह किसी भी पैमाइश को नहीं मानते। तहरीर पर जांच करने के बाद पुलिस ने चैतन्य सिंह, राघवेंद्र सिंह, शिवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र पुत्र माधौ नारायण, शिवा, विक्रांत पुत्र शिवेंद्र सिंह और पांच अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।