कासगंज। पॉलिटेक्निक में पांचवें चरण के प्रवेश के लिए प्रकिया रविवार से शुरू हो रही है। छात्र 27 अगस्त तक अपने ऑनलाइन विद्यालय चयन कर सकेंगे। चौथे चरण में काउंसलिंग कराने वाले छात्रों का प्रवेश एक सितंबर तक हो सकेगा। राजकीय पॉलिटेक्निक सोरों में आर्किटेक्चर, मैकेनिकल, सिविल ट्रेडों में 192 सीटों में 95 छात्र प्रवेश ले चुके हैं। चौथे चरण के लिए 71 सीटों का आवंटन किया गया है। एमएमआईटी में इलेक्ट्रीकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेडों में 198 सीटों में से 103 छात्रों ने प्रवेश ले चुके हैं। चौथे चरण के लिए 72 सीटें आवंटित की गई हैं। चौथे चरण की काउंसलिंग व फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मनपसंद विद्यालय न मिलने पर प्रवेश नहीं लेने वाले छात्र पांचवें चरण में शामिल हो सकते हैं। ऐसे छात्रों के लिए 25 से 27 अगस्त तक विद्यालय चयन कर फिलिंग करने का मौका मिलेगा। इसके बाद 29 अगस्त को सीट का आवंटन होगा। 29 अगस्त से 31 अगस्त तक ऑनलाइन फीस जमा होगी। इन्ही तिथियों में प्रमाणपत्रों का सत्यापन हो सकेगा। बकाया फीस 29 अगस्त से दो सितंबर तक जमा होगी। तीन सितंबर को सीट को वापस लिया जा सकेगा। राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य राजन सिंह ने बताया कि छात्र निर्धारित तिथि तक प्रक्रिया पूरी कर लें। यदि किसी प्रकार की दिक्कत आती है, तो वह हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है। प्रमाण पत्रों का सत्यापन अपने किसी भी निकटतम संस्थान में कराया जा सकता है। चौथ चरण के लिए एक सितंबर तक प्रवेश लिए जा सकेंगे।