मथुरा में बच्चा चोरी के मामलों को लेकर पुलिस अलर्ट है। सोमवार को जब पुलिस को एक बच्ची के अगवा होने की सूचना मिली, तो पुलिस के अधिकारियों के पसीने छूट गए। बच्ची को कोई और नहीं उसका पिता ले गया था। पुलिस ने पिता को हिरासत में लेते हुए बच्ची को मां के सुपुर्द कर दिया।
मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र के गांव तंतूरा में घर के बाहर खेलते हुए तीन साल की बच्ची के अगवा किए जाने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बाइक सवार नकाबपोश में एक बच्ची का पिता निकला। पिता को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। बच्ची को बरामद करके मां को सौंप दिया गया। फिलहाल पति और पत्नी में सुलहनामा चल रहा है।
थाना हाईवे के गांव असगरपुर निवासी मेघा का अपने पति करन सिंह से 15 दिन पहले विवाद हो गया। इस विवाद के चलते अपनी तीन साल की बच्ची रश्मि को लेकर वह मायके तंतूरा आ गई। सोमवार को तंतूरा में घर के बाहर बच्ची खेल रही थी। दोपहर 3:30 बजे बाइक सवार मॉस्क लगाए दो युवक आए और बच्ची को उठाकर ले गए। बच्ची के अगवा होने की खबर हाईवे पुलिस को दी गई। हाईवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी से हुई पिता की पहचान
सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवारों में से एक की पहचान बच्ची के पिता के रूप में हो गई। हाईवे पुलिस ने गांव असगरपुर पहुंचकर पिता को पकड़ते हुए बच्ची को बरामद कर लिया। प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि विवाद के चलते पिता ही बच्ची को ले गया था, जिसे समय रहते हुए दबोच लिया गया। फिलहाल पति और पत्नी में सुलहनामा चल रहा है। अगर विवाद समाप्त नहीं हुआ तो तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।