मैनपुरी। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुओं और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए सामूहिक रूप से उपवास रखा। शिक्षकों और कर्मचारियों ने निजीकरण भारत छोड़ो का नारा देते हुए सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। अटेवा /एनएमओपीएस राष्ट्रीय आह्वान पर शिक्षक दिवस के अवसर मैनपुरी में भी पेंशन उपवास रखा गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, वन विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला संरक्षक आराध्य पांडेय ने कहा कि हमारे वर्तमान एवं भविष्य को प्रयोगशाला बनाकर अंधकारमय बनाया जा रहा है। जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने सरकार से कर्मचारियों के हित में फैसला लेने की मांग की। कार्यक्रम के सहप्रभारी अमित यादव ने कहा की सभी राजनीतिक पार्टियां सत्ता और प्रतिपक्ष का खेल खेल रही हैं। इस अवसर पर शिवमंगल सिंह, उदय प्रताप सिंह चौहान, कैलाश बाबू मिश्रा, अनिल कुमार यादव, डॉक्टर विपिन कुमार, विनोद कुमार, मुनीम सिंह ,मयंक यादव,स्तुति यादव, नीतू देवी, मंजू शाक्य, शालिनी सागर आदि मौजूद रहे।