अछनेरा।. भैंस खरीदने 25 फरवरी को अछनेरा आए किसान को घायल कर बदमाशों ने उनसे 9 हजार रुपये लूटे थे। लुटेरों का पांच दिन बाद भी पुलिस पता नहीं लगा सकी है। हालांकि पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पकड़ा था, लेकिन बाद भी उन्हें छोड़ दिया गया। राजस्थान के फूलवारा चिकसाना निवासी संतराम 25 फरवरी को भैंस खरीदने के लिए अछनेरा आए थे। भैंस नहीं मिलने के कारण वह घर जा रहे थे। बस स्टैंड के पास बाइक सवार दो युवकों ने झांसा देकर उन्हें लिफ्ट दी और 9 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उन्हें बाइक से धकेल दिया। घिसटने से वह घायल भी हो गए थे। चीख-पुकार पर लोगों के दौड़ने पर बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए थे। बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले रखा है। इसके बाद भी अब तक लुटेरे नहीं पकड़े जा सके हैं। मामले में एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।