संवाद न्यूज एजेंसीकासगंज। सहावर थाना क्षेत्र में ताली मार्ग पर मंगलवार को सुबह के समय घने कोहरे के बीच गन्ना लदी बैलगाड़ी में कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बैलगाड़ी चला रहा किसान गिरकर कार के नीचे आ गया। कार से दबकर उसकी मौत हो गई। किसान की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने मार्ग पर जाम लगा दिया। मामले की जानकारी एसडीएम सहावर एवं सीओ सहावर को मिली। दोनों ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। मृतक के परिजनों को मदद का भरोसा दिया जिसके बाद बमुश्किल जाम खुल सका।गांव नगला कुबेर निवासी किसान संदेश कुमार (36) मंगलवार को सुबह अपनी बैलगाड़ी में गन्ना लादकर न्यौली स्थित शुगर मिल जा रहा था। करीब 6:30 बजे घना कोहरा छाया हुआ था। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने बैलगाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बैलगाड़ी चला रहा किसान नीचे गिर गया और कार के नीचे आकर दबने से उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। एसडीएम प्रेम सिंह एवं सीओ शाहिदा नसरीन मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया गया है और मृतक किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है।