मैनपुरी। धान बेच मंडी से घर लौट रहे किसान को थाना एलाऊ क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसके चचेरे भाई और पिता घायल हो गए। भाई को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया। पुलिस ने मृत किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया।
किशनी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी किसान सतेंद्र सिंह (32) मंगलवार को शहर स्थित नवीन मंडी में धान बेचने गए थे। देर रात को किसान सतेंद्र अपने पिता अजंट सिंह और चचेरे भाई प्रदीप उर्फ तिवारी के साथ बाइक से घर वापस लौट रहे थे। बाइक जब थाना एलाऊ क्षेत्र में भांवत गांव के पास पहुंची। तभी एक प्लाॅट में भराव डाल रहे निकल रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने किसान की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सतेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पिता और चचेरे भाई हादसे में घायल हुए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डाक्टरों ने परीक्षण के बाद प्रदीप उर्फ तिवारी की हालत गंभीर देख उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया। बुधवार को पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे में सतेंद्र की मौत के बाद घर में चीख पुकार मची है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।