कुसमरा। चौकी क्षेत्र में मैनपुरी कुसमरा मार्ग पर साइकिल सवार को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। युवक एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव सखरामपुर निवासी किसान रविंद्र कुमार (30) बुधवार को परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव बिरतिया गया था। शाम को वह साइकिल से गांव लौट रहा था। मैनपुरी कुसमरा मार्ग पर पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रविंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कोहरे का फायदा उठाकर टक्कर मारने वाला चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजन को दी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। हादसे में रविंद्र की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
डीसीएम की टक्कर से तीन लोग घायल
मैनपुरी। अलीगंज जाने वाले मार्ग पर बुधवार की रात डीसीएम की टक्कर लगने से एक टेंपो सवार तीन लोग घायल हो गए। देर रात एक टेंपो कुरावली की ओर से सवारियां लेकर एटा के अलीगंज जा रहा था। कोहरा अधिक होने के चलते जैसे ही अलीगंज जाने वाले मार्ग पहुंचा। तभी पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार रमेश, प्रवीन निवासी अलीगंज और चालक टिंकू निवासी एटा घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को एटा के एक अस्पताल भिजवाया। संवाद
बाइकों की भिड़ंत में तीन घायल
मैनपुरी। भोगांव जाने वाले मार्ग पर कोहरे के बीच दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। बुधवार देर शाम भोगांव निवासी चरन सिंह शहर से लौट रहा था। बाइक भोगांव मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची। तभी सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में चरन सिंह और दूसरी बाइक सवार चेतन और रघुवीर निवासी फर्रुखाबाद घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। संवाद