पटियाली। गांव जासमई में बुधवार की सुबह खेत की रखवाली कर रहे किसान पर सांड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। किसान को मौत के घाट उतारने के बाद सांड़ शव के पास ही बैठा रहा। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर एसडीएम और थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव जासमई निवासी अनेकपाल सिंह (50) पुत्र गिरधारी सिंह बुधवार की सुबह खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल पर गए थे। इस दौरान सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। किसान ने खुद को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन सांड़ लगातार हमला करता रहा। इससे अनेक पाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सांड शव के निकट ही बैठ गया। कुछ देर बाद एक अन्य किसान जब ट्यूबवेल चलाने के लिए मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि अनेक पाल सिंह लहूलुहान हालत में खेत में पड़े थे और सांड़ वहीं बैठा था। उसने तत्काल गांव वालों और अनेकपाल के परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद लाठी-डंडे मारकर सांड़ को हटाया। इसके बाद आनन-फानन में अनेकपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल ने कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भाटी और क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसान की मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मृतक के परिवार को आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।