बेवर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर एनएच 34 नवीगंज के पास ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में किसान की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
कस्बा में फर्रुखाबाद रोड निवासी दिलीप कुमार सिंह उर्फ बॉबी नवीगंज किसी काम से गए हुए थे। दोपहर के समय वह बाइक से वापस घर आ रहे थे। बाइक जब थाना क्षेत्र में एनएच 34 पर तारावादेव टोल प्लाजा के पास पहुंची। तभी मार्ग पर मुड़ रहे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दिलीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र होता देख चालक ट्रक को मौके पर खड़ा छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची थाना पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन रोते बिलखते हुए मोर्चरी पहुंचे। मृतक के पुत्र सागर ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हादसे में किसान की मौत के बाद घर में चीख पुकार मची है।