कासगंज। पटियाली कोतवाली क्षेत्र के पटियाली-अलीगंज मार्ग पर शुक्रवार को बाइक की टक्कर से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था कि रास्ते में मौत हो गई। दुर्घटना का शिकार किसान रामनिवास (48) निवासी ग्राम नगला गनेश थाना पटियाली हुआ। बताया गया कि शुक्रवार को किसान अपने खेत पर सुबह के समय जा रहा था तभी रास्ते में पुलिया के पास एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे रामनिवास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परिवार के लोग इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले गए। जहां से उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। फर्रुखाबाद से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में किसान की मौत हो गई। परिजन किसान का शव शनिवार की सुबह गांव में लेकर पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसान की मौत से परिवार में चीत्कार मचा हुआ है। किसान की मौत के मामले में परिजनों ने पटियाली कोतवाली पुलिस को बाइक चालक की जानकारी देते हुए तहरीर दी है।