कासगंज। जिले में मूसलाधार बारिश के बीच बिजली गिरने की घटना हुईं। इसमें धान की रोपाई करते समय एक किसान की बिजली की चपेट में आकर झुलस गया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे स्थानों पर गिरी बिजली की चपेट में आने से 3 भैंस मरी। तहसील प्रशासन ने मृतक किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिजली गिरने की घटना थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र अखतऊ मंगदपुर गांव में हुई। जहां किसान रामशंकर (60) अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर के समय तेज बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए किसान रामशंकर खेत में एक ओर पड़ी टीनशेड के नीचे बैठ गए। तभी तेज गरज के साथ बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आकर वो बुरी तरह से झुलस गए। आस पास के खेतों में बैठे किसान रामशंकर के पास पहुंचे। इस दौरान अन्य किसान उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने रामशंकर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार निधि पांडे राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंची। उनके आदेश पर पुलिस ने मृत किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिजली गिरने की दूसरी घटना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव ठाठी में हुई। यहां 3 दुधारू पशु मरे। ये पशु गांव निवासी पशुराम सिंह के थे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह 10:30 बजे करीब तेज बारिश के दौरान उनके पशुबाड़े पर बिजली गिरी। इसमें पांच पशु बंधे थे। हादसे में रामसिंह की एक भैंस व पड़िया मरी। इसी गांव में बिजली गिरने की दूसरी घटना रूपकिशोर के बाड़े में हुई। जहां भैंस बिजली की चपेट में आकर झुलसकर मर गई।
सहावर। थाना क्षेत्र के गांव गुडग़ुड़ी गांव में धान की रोपाई करते समय महिला ज्ञान देवी (40) हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।