कासगंज। क्षय रोग से पीड़ित मरीज के परिवार को बीमारी से सुरक्षित करने के प्रयास शुरू हो गए। इसके लिए टीपीटी कार्यक्रम लागू किया गया है। परिवार में किसी और में यह बीमारी नहीं फैले इसके लिए सभी सदस्यों को 12 सप्ताह तक दवा का सेवन कराया जाएगा।
वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने का केंद्र सरकार का संकल्प है। इसको देखते हुए क्षय रोगियों को तमाम योजनाएं चलाकर लाभान्वित किया जा रहा है। इसके बाद भी टीबी की बीमारी कम नहीं हो पा रही। अब मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों को भी सुरक्षा के दायरे में लाने की कवायद की जा रही है। जिले में इस साल 1914 मरीज अब तक टीबी की बीमारी के चिह्वित हो चुके हैं। इन सभी लोगों का उपचार टीबी अस्पताल की ओर से किया जा रहा है। अब इनके संपर्क में आने वाले लोगों को भी स्कैन किया जाएगा। जिससे टीबी अन्य लोगों में न फैल सके। विभाग की ओर से टीबी मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों और परिवार के सदस्यों को भी 12 सप्ताह तक दवा का सेवन कराया जाएगा।