मोहनपुरा क्षेत्र के कंपनी कर्मियों ने बरामद किए नकली पाइप।
कासगंज। अपोलो कंपनी के नकली पीवीसी पाइप मोहनपुरा में बरामद किए गए हैं। कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर ने पुलिस को तहरीर देकर कॉपीराइट एक्ट में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। यह नकली माल एक लोडर गाड़ी में जा रहा था। माल जब्त करने की कार्रवाई की गई है। अपोलो कंपनी के जनरल मैनेजर सुधीर दुबे ने बताया कि अपोलो कंपनी के नकली पीवीसी पाइप बाजार में बचे जा रहे थे। काफी समय से इसकी शिकायतें मिल रही थी। कंपनी ने नकली माल को मोहनपुरा में एक लोडर वाहन से बरामद किया। जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है। कंपनी की टीम ने बरामद माल और लोडर वाहन को पुलिस के सुपुर्द किया। पाइप के अलावा अपोलो कंपनी से मिलते जुलते कई अन्य उत्पाद भी मिले। कंपनी की टेक्निकल टीम ने बरामद माल की जांच की। उसके नकली होने की पुष्टि की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिवकुमार और पीयूष गर्ग निवासी ककोड़ जनपद बुलंदशहर के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।