एटा में सोशल मीडिया पर पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने की गलत खबर प्रसारित करने वाले युवक के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी की ओर से दर्ज रिपोर्ट पर जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
शहर के पेट्राल पंप संचालक के बेटे का विगत दिनों मारपीट कर अपहरण करने के प्रयास की घटना हुई थी। उसी मामले में कोतवाली देहात पुलिस और अधिकारियों के खिलाफ राजनीतिक दबाव में मामले की रिपोर्ट दर्ज न करने की पोस्ट वरुण कुमार निवासी अरुणानगर ने सोशल मीडिया पर की थी, जो वायरल होते हुए पुलिस अधिकारियों के पास पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों ने आरोप लगाए कि ये पोस्ट गलत थी। पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी कोतवाली देहात पंकज कुमार मिश्रा को कार्रवाई करने के लिए कहा। इस पर थानाध्यक्ष कोतवाली देहात पंकज कुमार मिश्रा ने पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें एसओ ने गलत पोस्ट कर पुलिस की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाया है।