सोरोंजी। मेला मार्गशीर्ष अमृत कुंभ शुरू होने में चार दिन शेष रह गए हैं। मेले में अपनी दुकानें व खेल तमाशे लगाने के व्यापारी तेजी से जगह अपने लिए आवंटित कराने में जुट गए है। शुक्रवार को ऊंचे झूले लगाने का सामान लेकर व्यापारी पहुंचे। वहीं मेलों में रोचक करतब दिखाने के लिए जाना जाने वाले मौत के कुंआ का सामान भी मेला ग्राउंड में पहुंच गया।मेला में झूले और मौत का कुआं नृसिंह गेट के अंदर दाईं ओर लगाए जा रहे हैं। बाईं तरफ पर फोटोग्राफी, मैजिक शो, छोटे बच्चों के झूले लगेंगे। मेला ग्राउंड में पत्थर, लकड़ी, टीन से विभिन्न सामान बनाने वाले कारीगर भी अपने तंबू लगा चुके हैं। मेला ग्राउंड के मध्य में अस्थाई कोतवाली बनाने व मेला नोडल अधिकारी का कार्यालय बनाने का काम भी प्रगति पर है। नगर पालिका द्वारा मेला ग्राउंड के गेटों पर रंगाई पुताई का काम भी शुरू करा दिया गया। हरि की पौड़ी परिक्रमा मार्ग पर घाटों व मंदिरों की बुर्जों पर भी रंगाई पुताई का काम भी किया जाएगा। नगर पालिका द्वारा दो दर्जन से अधिक अस्थाई सफाई कर्मचारी नियुक्त कर मेला ग्राउंड में दिन में तीन बार सफाई कार्य कराया जा रहा है। वहीं मेला के दौरान पड़ने वाले स्नान पर्वों में भाग लेने के लिए नागा साधु संतों का तीर्थनगरी में आगमन शुरू हो गया। शुक्रवार को इलाहाबाद के पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा के साधु सोमवार गिरि अपने शिष्यों के साथ हरि की पौड़ी पहुंचे।