थाना ढोलना के गांव भरसौली का रहने वाला योगेंद्र सिंह अपनी गर्भवती पत्नी मायादेवी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए शहर में चिकित्सक के यहां आया था। यहां से दोनों वापस घर जा रहे थे। रास्ते में नदरई नहर के पास दोनों रुके। नदी के पास पत्नी ने सेल्फी लेने के लिए कहा। पति-पत्नी दोनों सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पत्नी को एक शरारत सूझी और उसने पति को धक्का दे दिया।
उसे ये नहीं मालूम था कि ये शरारत इतनी महंगी पड़ सकती है। धक्का लगते ही योगेंद्र नदी में गिर गया और पानी के तेज बहाव में डूबने लगा। पत्नी की इस हरकत को देख लोग हैरान रह गए। पति को डूबते देख पत्नी के पसीने छूट गए और वो चीखने चिल्लाने लगी। इस दौरान वहां मौजूद गोताखोर ने तत्परता दिखाते हुए नदी में पाइप डालकर युवक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पति की जान बची तो पत्नी ने राहत की सांस ली। पति ने पुलिस के समक्ष भी किसी तरह का आरोप पत्नी पर नहीं लगाया। पुलिस भी पति-पत्नी से बातचीत करके वापस लौट गई।