मैनपुरी। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय में तैनात एक कनिष्ठ सहायक और एक वरिष्ठ सहायक निलंबित चल रहे हैं। निलंबन के बाद उन्हें विभाग के अन्य कनिष्ठ सहायक को कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन वे महीनों बाद भी कार्यभार ग्रहण कराने नहीं आ रहे हैं। मामले में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने निदेशक आयुर्वेदिक सेवाएं उत्तर प्रदेश को पत्र लिखा है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक प्रशांत शुक्ला को लोगों को नौकरी देने के नाम पर रुपये मांगने, चुनाव ड्यूटी न करने व अन्य आरोपों में 19 दिसंबर 2024 को निलंबित किया गया था। जबकि वरिष्ठ सहायक प्रवीन कुमार दुबे को विभागीय कार्य में लापरवाही करने, गलत तरीके से कर्मचारियों का वेतन लगाने के आरोप में सात फरवरी 2025 को निलंबित किया गया था। दोनों कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यालय की कनिष्ठ सहायक दीप्ती सिंह को कार्यभार ग्रहण करा जाएं। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी उन्हें कई बार पत्र भी लिख चुकी हैं लेकिन दोनों ही कर्मचारी अपना कार्यभार दूसरे कर्मचारी को देने के लिए उपस्थित नहीं हो रहे हैं। अब क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने संबंधितों की जानकारी निदेशक आयुर्वेदिक सेवाएं उत्तर प्रदेश को दी है।