मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य समापन की ओर है। शनिवार को हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया। इंटरमीडिएट का मूल्यांकन कार्य आज पूरा होने की उम्मीद है। इंटरमीडिएट में मात्र 9806 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए शेष बची हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जिले में चार केंद्रों पर यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है। हाईस्कूल की जिले में आवंटित उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शनिवार को पूरा हो गया। जिले में हाईस्कूल की कुल 151144 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई थीं। इंटरमीडिएट की जिले में कुल 151108 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई थीं। जिसमें से मात्र 9806 उत्तर पुस्तिका शेष बची हैं। इसका मूल्यांकन आज पूरा कर लिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने मूल्यांकन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और परीक्षकों को समय से मूल्यांकन कार्य समापन की ओर पहुंचाने के लिए धन्यवाद दिया है।