आगरा। नगला बूढ़ी निवासी पंचानन ठेल पर चाट पकौड़ी और गोलगप्पे रखकर क्षेत्र में घूमकर बेचते हैं। उनके पास गैस कनेक्शन नहीं है। हॉकर से सिलिंडर लेकर घर में गोलगप्पे और अन्य सामान तैयार करते थे। पंचानन ने बताया कि अब सिलिंडर के लिए हॉकर 2500 से 3000 रुपये तक मांग रहे हैं। महीने में उन्हें 20 सिलिंडर की जरूरत होती है। इतना खर्च करने के बाद ठेल लगाएंगे तो ग्राहक माल के वाजिब दाम नहीं देगा। इसके कारण 5 दिनों से घर पर बैठे हैं। इसी तरह घूमकर खाने का सामान बेचने वाले उनके जैसे सैकड़ों लोग कई दिन से घर पर बैठने को मजबूर हैं।