कासगंज। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ ने 22 सूत्री मांगें गिनाई। मांगों के शीघ्र पूरा किए जाने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन की बहाल करने के लिए प्रमुख रूप से आवाज उठाई। जिलाध्यक्ष नितिन जौहरी ने कहा कि कलेक्ट्रेट कर्मचारी अपनी मांगे पूरी जाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए। महामंत्री वीपी सक्सेना ने कहा कि कलेक्ट्रेट का नाम मिनी सचिवालय या जनपद सचिवालय रखा जाए। पुरानी पेंशन को फिर से बहाल किया जाए, नवीन पेंशन योजना कर्मचारियों के हित की योजना नहीं है। लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों में से 10 प्रतिशत कर्मियों की प्रोन्नति नायब तहसीलदार के पदों पर की जाएं। मंडल अध्यक्ष जयवीर सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।