कंपनी का कैश लेकर फरार हुए ब्रिक्स इंडिया कंपनी के कर्मचारी विवेक कुमार का चार दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की तीन टीमें उसे तलाश रही हैं। पुलिस को पता चला है कि वह अपने रिश्ते के भाई को कुछ रुपये देकर गया है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी। वो नहीं मिला, लेकिन कुछ लोगों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब मुकदमे में रिश्ते के भाई को भी आरोपी बनाया जा सकता है।
ये है मामला
रकाबगंज स्थित ब्रिक्स इंडिया कंपनी में सुल्तानपुरा निवासी विवेक कुमार काम करता था। वह बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश जमा करता था। इसके बाद कंपनी में जानकारी देता था। मंगलवार को कैश जमा करने के बजाए वो 1.36 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने उसकी बाइक फोर्ट स्टेशन पर लावारिस बरामद की। फुटेज के मुताबिक बोरे में रुपये बाइक की टंकी पर रखकर ले जाए गए थे। पुलिस ने उसके जाने के रूट को देखा। वह बिजलीघर की तरफ गया था। बिजलीघर पर एक युवक मिला। उसने कुछ रुपये युवक को दे दिए। इसके बाद चला गया।
मिला है कुछ कैश
पुलिस ने फुटेज की मदद से युवक की पहचान विवेक के रिश्तेदार के रूप में की। पुलिस उसके घर गोबर चौकी, ताजगंज पहुंच गई। युवक नहीं मिला। मगर, घर की तलाशी ली। चर्चा है कि कुछ कैश मिला है। पुलिस ने रिश्तेदार के घर से कुछ लोगों को उठाया है। हालांकि अभी अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही हैं। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा चुकी है।