आगरा | जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक हुई। शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति पर मंथन हुआ। अधिकारियों ने जिले को निपुण बनाने के लिए ठोस प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में कक्षा 2 और 3 के बेसलाइन आकलन, निपुण प्लस ऐप पर मूल्यांकन, डीएलएड प्रशिक्षुओं के आकलन के बाद रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों में वितरण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। उप शिक्षा निदेशक व प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रत्येक विकास खंड से कम से कम 300 आवेदन और श्रेष्ठा योजना में 100 आवेदन सुनिश्चित किए जाएं। बच्चों के जाति और आय प्रमाण पत्र समय से बनवाने पर भी जोर दिया गया। संचालन धर्मेंद्र प्रसाद गौतम ने किया। बेहतर प्रदर्शन पर बिचपुरी, खेरागढ़ और अकोला की टीम को सम्मानित किया गया।