कासगंज। गंजडुंडवारा विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुन्नगढ़ी में ग्राम प्रधान एवं तैनात रहे दो सचिवों ने सांठ-गांठ करके 464587 रुपये का गबन कर लिया। प्रधान एवं सेवानिवृत्त सचिव से रकम की वसूली के लिए आरसी जारी की गई है। जबकि एक सचिव के वेतन से वसूली के आदेश दिए गए हैं।
ग्राम पंचायत में वर्ष 2015-20 तक के कार्यकाल में ग्राम प्रधान संंध्या, सचिव राम नाथ व सचिव अंशुमान विसारिया ने सांठ-गांठ करके बिना विकास कराए ही धन का गबन कर लिया। इस मामले की शिकायत की गई। शिकायत के बाद जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश यादव को मामले की जांच सौंपी। जांच में मौके पर कार्य नहीं पाए गए, जबकि धन निकाल लिया गया। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी। इसके बाद मामले की अंतिम जांच जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय को सौंपी गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने भी अपनी रिपोर्ट में धन के गबन का मामला सही पाया और रिपोर्ट सौंप दी। जांच में प्रधान पर 232293.50 रुपये, सेवानिवृत्त सचिव राम नाथ पर 139862.50 रुपये एवं सचिव अंशुमान विसारिया पर 92431 रुपये का गबन सिद्ध हुआ। प्रधान व सेवानिवृत्त सचिव को धन जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए, लेकिन उन्होंने न तो धन ही जमा किया और न ही अपील की। इसके बाद प्रधान व सेवानिवृत सचिव से वसूली के लिए आरसी जारी कर दी गई। जबकि सचिव के वेतन से कटौती करने के आदेश जारी कर दिए गए।