अरतौनी स्थित डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना के खातों में डाकपाल द्वारा 1.74 लाख रुपये का हेरफेर करने का मामला सामने आया है। 20 से अधिक खाताधारकों ने रकम डाकखाने में जमा कराई थी। इसकी पासबुक पर एंट्री भी की गई। मगर, डाकपाल ने रकम विभाग के खाते में जमा नहीं की। वह चार साल से फरार चल रहा है। इस मामले में थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बहाना लगाकर गायब हुआ डाकपाल
थाना सिकंदरा में निरीक्षक डाकघर पूर्वी उपमंडल गौरव गौतम ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि अरतौनी स्थित डाकघर में शाखा डाकपाल नारायण सिंह ने गबन किया है। एक मार्च 2017 को कर्मचारी विनोद कुमार ने शिकायत की थी कि डाकपाल नारायण सिंह आए थे और कहकर गए कि पैर में चोट लगी है। एक या दो दिन की छुट्टी पर रहूंगा। उनको चार्ज देने के बाद चला गया। इसके बाद लौटकर नहीं आए।
बाद में हुई जानकारी
उन्होंने बताया कि बाद में पता चला कि डाकपाल ने अरतौनी डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना के कुछ खाताधारकों की जमा रकम की पासबुक में एंट्री दर्ज की गई। मगर, रकम को सरकारी हिसाब में नहीं लिया गया। आरोप है कि तकरीबन 20 से अधिक खाताधारकों के 1.74 लाख रुपये जमा नहीं किए गए। शिकायत के अनुसार, 10 मार्च, 2017 से आरोपी नारायण सिंह फरार चल रहा है। उसकी लगातार तलाश की जा रही है।
एसएसपी से की गई शिकायत
शिकायतकर्ता ने बताया कि पता चला कि वह अपनी मां और भाई से मिलने आता है। इस बारे में मां और भाई से पूछताछ की। मगर, उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना में तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। तीन दिन पहले एसएसपी से शिकायत की गई। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।