कासगंज। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिवाली के मौके पर उन्हें 24 घंटे बिजली मिलेगी। विद्युत विभाग का दावा है वह सुनिश्चित करेगा कि बिजली की निर्बाध आपूर्ति जारी रहे। यह व्यवस्था धनतेरस पर्व से भाई दूज तक रहेगी। इसके लिए विभाग ने ट्रांसफार्मर, लाइनों आदि की मरम्मत का कार्य पूरा करा लिया है। पर्व के मौके पर प्रतिदिन 40 मेगावाट बिजली की खपत होने का अनुमान है।धनतेरस पर्व शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। इसी के साथ ही घरों प्रतिष्ठानों की सजावट शुरू हो जाएगी। बिजली की झालरों से सजावट होने से खपत बढ़ने की पूरी संभावना है। पर्व के मौके पर बिजली की आपूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान न आए। इसको लेकर विभाग वैसे तो कई दिन पहले से अपनी तैयारियां कर रहा था, लेकिन पर्व की पूर्व संध्या पर विभाग ने ट्रांसफार्मर, बिजली लाइनों आदि की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया। इसके साथ ही लाइनों के इंसुलेटर भी सही किए गए। जिससे इनके टूटने पर बिजली आपूर्ति बाधित न हो। बृहस्पतिवार को दिनभर कर्मी मरम्मत कार्य में जुटे रहे। वहीं पर्व के दिनों में किसी भी व्यवधान को दूर करने के लिए अधिकारियों, कर्मियों की ड्यूटियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।