इरादतनगर। कस्बा के शमसाबाद रोड स्थित स्वास्थ्य केंद्र के पास बीएन फार्म हाउस (मैरिज होम) पर मंगलवार दोपहर विद्युत विभाग की टीम ने एसडीओ विकास नाथ तिवारी के नेतृत्व में छापा मारकर 12 किलोवॉट बिजली चोरी पकड़ी। एसडीओ ने बताया कि उपभोक्ता राजनारायण शर्मा अपने मीटर में आने वाली मुख्य केबल को दूसरी मंजिल की बालकनी में काटकर, उसमें दो अतिरिक्त तार जोड़कर गेस्ट हाउस में सीधे बिजली का उपयोग कर रहा था। मीटर को बाईपास कर यह चोरी की जा रही थी। चेकिंग टीम में अवर अभियंता सतेंद्र सिंह, टीजी-2 दीपक त्रिपाठी और संविदाकर्मी शामिल रहे।