कासगंज। प्रभु पार्क विद्युत उपकेंद्र के गोशाला, लक्ष्मीगंज एवं रेलवे रोड फीडर पर विद्युत उपकरणों के अनुरक्षण का कार्य रविवार को किया जाएगा। इसके चलते 5 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस विद्युत बाधा से छह हजार विद्युत उपभोक्ता प्रभावित होंगे। विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं के हित में परेशानी से बचने के लिए पूर्व सूचना जारी की है।उपकेंद्र प्रभु पार्क के अवर अभियंता विश्वजीत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत आपूर्ति रविवार को दोपहर 12 बजे से सायं 5 बजे तक बाधित रहेगी। विद्युत उपकेंद्र में अनुरक्षण का कार्य किया जाएगा। जिसके कारण 11 केवी गोशाला, लक्ष्मीगंज व रेलवे रोड फीडर पर कार्य होगा। उन्होंने बताया कि पांच घंटे में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इन फीडरों के पांच घंटे बंद रहने के कारण नदरई गेट, लक्ष्मीगंज, रेलवे रोड, गोशाला रोड, पंखा वाला बाग, बैंक कॉलोनी, माधोपुरी कॉलोनी, स्टेट बैंक गली सहित फीडरों से जुड़े इलाकों में पांच घंटे आपूर्ति बाधित होगी। इसके बाद अनुरक्षण का कार्य पूरा कर आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।