मैनपुरी। भीषण गर्मी के साथ बिजली कटौती ने पूरे जनपद में हाहाकार मचा रखा है। गर्मी से पहले ट्रासफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि और लाइनों को दुरूस्त न कराए जाने का करंट उपभोक्ताओं को झेलना पड़ रहा है। फॉल्ट और मरम्मत के नाम पर अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान है। शहर से लेकर गांव तक दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का चैन छिन गया है। वहीं रात में बार-बार हो रही कटाैती ने लोगों की नींद उड़ा दी है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पूरे जिले में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। हर दिन घंटों की बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। लोड बढ़ने पर ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और केबल जल रही हैं। इस कारण मरम्मत के नाम पर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। शुक्रवार को भी कई स्थानों पर ट्रांसफाॅर्मर के खराब होने और केबल जलने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। 45 डिग्री तापमान में सुचारू बिजली आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि विद्युत निगम गर्मी से पहले ही क्षमता वृद्धि करता तो लोड बढ़ने से ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त नहीं होते। निगम को जनपद में क्षतिग्रस्त केबलों को बदलवाना चाहिए था।