मारहरा। बिजली घर पर तैनात कर्मचारी सजंय और गजेंद्र शुक्रवार की रात करीब आठ बजे कस्बा के मोहल्ला शीसग्रान में चेकिंग करने पहुंचे। शब्बीर के घर चेकिंग करने लगे। लोगों ने शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें खदेड़ दिया।
शब्बीर ने बताया कि दोनों कर्मचारी शराब के नशे में धुत थे। घरों में घुसकर चेकिंग के नाम पर पैसों की मांग करने लगे। इस दौरान घरों में मौजूद महिलाओं से उन्होंने अभद्रता भी की। तभी वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और किसी ने पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस के आने की जानकारी मिलते ही दोनों वहां से भाग गए। पुलिस दोनों की बाइक उठाकर थाने ले गई। किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मारहरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ऋषिराम ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।