कासगंज। केंद्रीय थोक उपभोक्ता भंडार लिमिटेड का चुनाव कार्यक्रम जारी हो गया है। 27 मार्च को अनंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। आठ अप्रैल को सदस्य के लिए तथा नौ अप्रैल को सभापति, उपसभापति एवं अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा।जिले में संचालित केंद्रीय थोक उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के लिए होने वाले चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव के लिए संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला गुलाबी में चुनाव संबंधी सभी प्रक्रिया पूरी होगी। पहले 13 सदस्यों का चुनाव होगा। इसके बाद निर्वाचित सदस्य सभापति, उपसभा प्रति एवं अन्य समितियों को भेजे जाने वाले सदस्यों का चुनाव करेंगे। सदस्य पद के चुनाव की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन 27 मार्च को होगा। 28 मार्च काे दावे-आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। एक अप्रैल को आपत्तियों का निस्तारण कर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। दो अप्रैल को नामांकन दाखिल होंगे। तीन अप्रैल को नामांकन की जांच के बाद सूची का प्रकाशन होगा। चार अप्रैल को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटन होंगे। आठ अप्रैल काे मतदान व मतगणना होगी। सभापति, उपसभापति एवं अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए नौ अप्रैल को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। इसी दिन दावे आपत्ति, निस्तारण, अंतिम सूची प्रकाशन, नामांकन जमा, जांच, वापसी, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया होगी। एआर को-ऑपरेटिव बीके मिश्रा के अनुसार केंद्रीय थोक उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी हो गया है। इसी के साथ ही चुनाव संबंधी तैयारियां शुरू हो गई हैं।