कासगंज में नवरात्र पर्व पर चामुंडा माता मंदिर पर हवन कुंड में आहूति देने के लिए उमड़े भक्त ।
कासगंज। दुर्गाष्टमी शनिवार को उत्साह के साथ मनाई गई। देवी पूजन के लिए मंदिरों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। उन्होंने अपनी आराध्य माता महागौरी की पूजा कर सौभाग्य और धन संपदा की मनौती मांगी। साथ ही हलुवा और चना का प्रसाद वितरित किया। भक्त ब्रह्म मुहूर्त में ही पूजन की तैयारियों में जुट गए। वे हाथों में पूजा की थाली और जल कलश लेकर मंदिर पहुंचे। उन्होंने माता महागौरी का की पूजा-अर्चना की। माता को शृंगार का सामान, चूनर चढ़ाई। नारियल, हलुवा, चना का भोग लगाया और प्रसाद के रूप में इसका वितरण किया। मां चामुंडा मंदिर को भव्य सजाया गया। मंदिर की अलौकिक छटा देखकर भक्त मंत्रमुग्ध हुए। माता पथवारी मंदिर, माता शीतला मंदिर, प्रभुपार्क, मालगोदाम चौराहा स्थित देवी मंदिर, हुल्का मंदिर, शांतापुरी कॉलोनी स्थित माता काली मंदिर, चित्रगुप्त कॉलोनी स्थित देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों मेें पूजा-अर्चना का सिलसिला देर तक चलता रहा। वहीं, घरों पर माता के प्रतीक के रूप में कन्या भोज कार्यक्रम हुए। कन्याओं की पूजा-अर्चना कर उन्हें विधिवत भोज कराया गया और उपहार दिए गए। वहीं, नवरात्र पर्व के अंतिम दिन रविवार को भक्त माता सिद्धदात्री की पूजा करेंगे। इसके लिए मंदिर व्यवस्थापकों ने मंदिरों में अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। वहीं भक्त भी पर्व पर भंडरा, प्रसाद वितरण आदि की तैयारियों में जुटे रहे।