किसानों पर लगाए मुकदमों की वापसी के लिए सीएम से मिले डॉ. धर्मपाल
आगरा। एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से मिलकर गढ़ी रामी एवं अन्य गावों के किसानों पर लगाए गए फर्जी मुकदमों को वापस कराने की मांग की। विधायक ने एनएच-19 और एनएच-519 पर अधूरे बने नालों के कारण हो रहे जलभराव के निदान की मांग की। विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा कि गांव चौगान, गढ़ी रामी, छलेसर, बघारा, कुबेरपुर आदि गांवों के सैंकड़ों किसानों की जमीन टाउनशिप व ग्रीन बेल्ट के नाम पर जबरन अधिग्रहीत कर ली गयी थी। पुलिस प्रशासन ने निर्दोष किसानों पर झूठे मुकदमे पंजीकृत कराए थे जो अब भी न्यायालयों में विचाराधीन हैं। उन्होंने मुकदमों की सूची सीएम को दी और इन्हें वापस लेने की मांग की। डॉ. धर्मपाल ने आगरा-कानपुर और आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर अधूरे नालों के कारण हो रहे जलभराव की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।