डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में मार्कशीट के लिए छात्र-छात्राओं की भागदौड़ का झंझट खत्म हो गया है। अब घर बैठे एक क्लिक पर निशुल्क मार्कशीट मिल रही है। डिजिटल मार्कशीट सुविधा शुरू होने पर 4506 छात्रों ने मार्कशीट प्राप्त की है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि 2022 सत्र के स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रम के अभी तक 43 विषयों के परिणाम जारी हो गए हैं, इन छात्रों की मार्कशीट का डिजिटल लॉकर बना दिया है। यहां से छात्र अपना रोल नंबर, जन्म तिथि दर्ज कर अंकतालिका डाउनलोड कर सकता है। दो दिन में 4506 छात्र-छात्राएं घर बैठे मार्कशीट प्राप्त कर चुके हैं। इससे छात्रों को प्रवेश, नौकरी समेत अन्य कार्य के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। ये मार्कशीट्स प्रिंट होने के बाद कॉलेजों को भेज दी जाएंगी।
प्रवेश से नौकरी तक में मान्य है डिजिटल मार्कशीट
प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने बताया कि डिजिटल मार्कशीट पूरी तरह से वैध है और शासन की ओर से मान्य भी है। छात्र किसी भी पाठ्यक्रम और विश्वविद्यालय में प्रवेश करने और नौकरी के लिए भी इस डिजिटल मार्कशीट का उपयोग कर सकते हैं। इसे विश्वविद्यालय से सत्यापित कराने की भी जरूरत नहीं है। इस सत्र की सभी अंकतालिकाओं को डिजिटल लॉकर में अपलोड कर रहे हैं।