मैनपुरी। जिले में बुखार का कहर धीरे-धीरे बढ़ता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटे में तीन साल के एक बच्चे सहित दो बुखार पीड़ितों की मौत हो गई। वहीं सात अन्य बुखार पीड़ितों को गंभीर हालत में महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में पिछले कुछ दिनों से बढ़ती सर्दी के बीच बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। शुक्रवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ देखी गई। यहां 910 मरीज पहुंचे इनमें बुखार, सर्दी जुकाम और सांस के मरीजों की संख्या 300 से अधिक थी। बेवर थाना क्षेत्र के गांव नगला केहरी निवासी 50 वर्षीय श्रवण कुमार को पिछले चार दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना कोतवाली क्षेत्र में नगला रते निवासी जय सिंह के तीन साल के पुत्र आदर्श को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के साथ बुखार था। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंच यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित सात अन्य मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया।