कासगंज। जिलाधिकारी ने बुधवार को कासगंज नगर पालिका परिषद के सामने स्थित जिला पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। यहां पशु चिकित्सक लगातार छह दिन से अनुपस्थित मिले। फार्मासिस्ट ने प्रयोगशाला में अपना आवास बना रखा था। साथ ही तमाम अन्य अव्यवस्थाएं भी मिलीं। पशु चिकित्सक का वेतन रोकने सहित अन्य कड़ी कार्रवाई करन के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मेधा रूपम को निरीक्षण के दौरान जिला पशु चिकित्सालय कासगंज में पशु चिकित्सक पिछले 6 दिनों से अनुपस्थित मिले। डीएम ने इनका तत्काल प्रभाव से वेतन रोक दिया। परिसर में पशु नसबंदी कक्ष, रिकार्ड रूम, नमूना लेने का कमरा तथा पूरा बुनियादी ढांचा निष्क्रिय मिला। फार्मासिस्ट ने चिकित्सालय भवन को आवास में बदल दिया था। चिकित्सालय परिसर पशुओं के लिए उपयोग में नहीं लाया जा रहा है।
इलाज के लिए आने वाले पशुओं को परिसर में वर्षा से बचाव की व्यवस्था नहीं थी। डीएम ने यहां मिली अव्यवस्थाओं पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति का दुरूपयोग नहीं होने दिया जाएगा। यहां से आवास हटाकर तत्काल चिकित्सालय को पशुओं के उपचार हेतु ही उपयोग में लाया जाए। पशुओं को वर्षा से बचाव की भी व्यवस्था की जाए। डीएम ने संबंधितों के विरूद्व सख्त कार्यवाही करने तथा तत्काल उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।