आगरा। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याएं दूर करने के लिए आगरा मंडल में 17 फरवरी को पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय स्थित लघु सभागार में दोपहर 12 बजे से पेंशन अदालत लगाई जाएगी। अपर निदेशक (कोषागार एवं पेंशन) महिमा चंद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित इस पेंशन अदालत में मंडल के चारों जिलों (आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी) के पेंशनर अपने प्रकरण रख सकेंगे। पेंशनभोगी अपने आवेदन 10 फरवरी तक जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन और जिलाधिकारी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक से भेजे जा सकते हैं। पेंशन निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट www.pensiondirectorate.up.nic.in से भी आवेदन डाउनलोड किया जा सकता है। अपर निदेशक ने बताया कि नियत समय सीमा के भीतर आवेदन करने वाले पेंशनरों की प्राथमिकता से सुनवाई की जाएगी।