मैनपुरी। मंडलायुक्त रितु महेश्वरी ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने 100 शैया और महिला अस्पताल में पहुंचकर मरीजों से बात की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के आदेश दिए। कुचेला की आशा द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा 100 रुपए लिए जाने के मामले की जांच के आदेश दिए। वहीं, जननी सुरक्षा की धनराशि ने पहुंचने पर सीएमओ को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
सौ शैया अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कुचेला की आशा राजकुमार ने शिकायत की कि जननी सुरक्षा याेजना के तहत उनके भुगतान पर कुंचला में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा 100 रुपए लिए जाते हैं। इस पर मंडलायुक्त ने सीएमओ को जांच कराते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। मंडलायुक्त ने सौ शैया अस्पताल में सितंबर में जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभान्वित की गई प्रसूता सीमा और रीना से दूरभाष पर योजना का लाभ प्रदान किए जाने की जानकारी प्राप्त की, दोनों के पति द्वारा बताया गया कि अभी उनके खाते में धनराशि हस्तांतरित नहीं हुई है। इस पर मंडलायुक्त ने सीएमओ को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। मंडलायुक्त ने सौ शैया अस्पताल में दवा काउंटर, ओपीडी, अईएनसीयू, पीएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि अल्ट्रासाउंड बढ़ाए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, अपर आयुक्त न्यायिक मंजू लता, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. आरसी गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे।