कासगंज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बरेली में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यापारियों को सम्मानित किया। समारोह में जनपद के 50 से अधिक व्यापारियों में सहभागिता की। उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान पाने वालों में जिलाध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय सहित अन्य व्यापारी भी शामिल हैं।दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें उद्योग व्यापार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। संगठन को ऊर्जावान कैसे बनाया जाए इस बारे में बताया गया। प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामतीर्थ सिंघल, मेयर बरेली उमेश गौतम एवं प्रबंधन विशेषज्ञ मनीष शर्मा ने बताया कि तेजी से बदलते वैश्विक व्यापारिक परिदृश्य में ऑनलाइन व्यापार से मिलने वाली चुनौतियों से कैसे निपटा जाए। साथ ही मजबूत विकल्प के रूप में खुद को कैसे तैयार करें। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जल्द ही व्यापारियों के लिए पेंशन इत्यादि सुविधाएं देने की बात कही। सम्मान समारोह में जिलाध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय को प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने सम्मानित किया।